निहरी में सरकारी आवास और कार्यालय में भड़की आग। -स्रोत : जागरूक पाठक
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर के निहरी स्थित लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता के स्लेटपोश आवास और कार्यालय में मंगलवार देर शाम अचानक आग भड़क गई। घटना करीब 7ः00 बजे की है। आग में सारा सरकारी रिकॉर्ड जलकर राख हो गया है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर के निहरी में स्थित लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता बाजार गए हुए थे। इस दौरान शाम करीब 7ः00 बजे स्लेटपोश आवास और कार्यालय में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते पूरा आवास और कार्यालय परिसर आग की चपेट में आ गया। जब ग्रामीणों ने आग लगी देखी तो निहरी पुलिस चौकी और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
जब तक ग्रामीणों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया, तब तक कनिष्ठ अभियंता के आवास का सारा सामान और कार्यालय का रिकॉर्ड जल कर राख हो गया था। उधर, एसडीएम अमर नेगी ने बताया हल्का पटवारी से आग के कारण हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की गई है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि आग के कारण को लेकर निहरी पुलिस चौकी ने जांच शुरू कर दी है।
सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस रामपुर में वार्षिक समारोह के दौरान प्रस्तुतियां देते कलाकार। संवाद