संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में राजपूत महासभा और सामान्य वर्ग संयुक्त मंच के आह्वान पर यूजीसी के नए नियमों के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और सरकार से इन नियमों को तुरंत वापस लेने की मांग की। रैली के दौरान लोगों ने काले झंडे हाथ में उठाकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान सुबह से ही लोग महाराणा प्रताप चौक पर जुटना शुरू हो गए। करीब 11 बजे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इसके बाद भोजपुर बाजार से होते हुए एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर नारे लगाए।
रैली के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार अंकित शर्मा के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और सभी सांसदों के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी द्वारा अधिसूचित नए नियमों को वापस लेने की मांग की गई।
मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि यूजीसी की ओर से अधिसूचित ये नियम उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे सामान्य वर्ग के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। आरोप था कि इन नियमों से अकादमिक स्वतंत्रता प्रभावित होगी और छात्र एकता को भी नुकसान पहुंचेगा।
उन्होंने आशंका जताई कि कठोर दंडात्मक प्रावधानों का दुरुपयोग सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के खिलाफ किया जा सकता है। इससे जातीय भेदभाव को बढ़ावा मिल सकता है।
इस मौके पर केएस जमवाल, हैरी राजपूत, देवंती ठाकुर, डॉ अमर सिंह गुलेरिया, राकेश कौल, रविंद्र गुप्ता, मोहनलाल गुप्ता, वाल चंद वालिया, सुरेश कौशल, प्रवीण अग्रवाल, संजय शर्मा, हनी खरबंदा, हेम सिंह ठाकुर, रविंद्र सिंह गुलेरिया, अदालत सिंह ठाकुर, डीके चंदेल, सुरेंद्र सेन, राजा ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।