पश्चिम बंगाल के कलकाता में प्रशिक्षु चिकित्सक से दरिंदगी व हत्या मामले को लेकर मंडी जिला के पी
मंडी। कोलकाता के एक अस्पताल में प्रशिक्षु चिकित्सक से दरिंदगी के बाद मौत मामले के विरोध में हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने शनिवार को प्रदेश इकाई के आह्वान पर एक दिन की हड़ताल का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगा कर मरीजों का उपचार किया। हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ मंडी इकाई के प्रधान डॉ. अमित ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षु चिकित्सक से दरिंदगी मामले के विरोध में आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें फांसी की सजा दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को जिलेभर के अस्पतालों में हड़ताल की जाएगी।
केवल आपातकालीन सेवाएं ही जारी रखी जाएंगी। प्रदेश चिकित्सा संघ की राज्यस्तरीय ऑनलाइन बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक सरकार चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तब तक चिकित्सक काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी करेंगे। इधर हिमाचल मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन ने भी रोष जताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है और केंद्र सरकार से दोषियों को जल्द पकड़ कर फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। यूनियन के महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि इस मामले में यूनियन चिकित्सकों के साथ खड़ी है। संवाद