जोगिंद्रनगर (मंडी)। स्थानीय कस्बे में करीब पांच करोड़ के प्रस्तावित पार्किंग स्थल में कचरे के ढेर लगाए गए हैं। इससे फिर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं।
नगर परिषद ने पार्किंग स्थल को कचरे की डंपिंग बनाकर शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में दाग लगा दिया है। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर और उपमंडलीय पशु औषधालय के नजदीक खुले में फैली गंदगी से उठ रही दुर्गंध पर आसपास के लोगों ने कड़ा ऐतराज जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
मंडी-पठानकोट हाईवे के साथ वार्ड पांच की जिस भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण होना है वहां पर कचरे के ढेरों से संक्रामक रोग फैलने की आशंका पर भी वार्डवासी भड़क उठे हैं। हैरत की बात है कि शहरी क्षेत्र में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर चार चांद लगाने के लिए चल्हारग स्थित डंपिंग साइट में कचरे के वैज्ञानिक ढंग से निष्पादन के लिए करीब एक करोड़ की मशीनरी लगाई है। उसके बावजूद शहर के बीचोबीच कचरे के बड़े ढेर लग गए हैं।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी चमन लाल का कहना है कि राज्य स्तरीय मेले के दौरान कचरे के अत्यधिक ढेरों के सैक्रीकेशन के लिए पार्किंग स्थल को कुछ समय के लिए इस्तेमाल में लाया गया था। यहां पर स्वच्छता बनी रहे इसके लिए सफाई कर्मचारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए जाएंगे।