थुनाग (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुनाची में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में सराज कांग्रेस के नेता जगदीश रेड्डी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मुख्यातिथि के समक्ष स्कूल में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरने की मांग उठाई। कार्यवाहक प्रिंसिपल मंजू ने बताया कि स्कूल में प्रिंसिपल, प्रवक्ता अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र के अलावा टीजीटी आर्ट्स और नॉन मेडिकल के पद काफी अरसे से खाली चल रहे हैं।
शिक्षक न होने से पढ़ाई नहीं हो पा रही है। जगदीश रेड्डी ने अभिभावकों और छात्रों को स्कूल में शिक्षक भेजने का आश्वासन दिया है। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। संवाद