जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में मंगलवार को हुई योजना आयोग की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नए विकास कार्यों की परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विधायक प्रकाश राणा से केंद्र से धन उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में हुई समीक्षा बैठक में विभाग के अधिशासी अभियंता जेपी नायक ने जोगिंद्रनगर में नई सड़कों का जाल बिछाने के लिए केंद्र सरकार से केंद्रीय निधि बजट की मांग उठाई।
बैठक में मौजूद जलशक्ति विभाग के उच्चाधिकारियों ने पुरानी पेयजल योजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए बजट की मांग के अलावा उठाऊ, सिंचाई योजनाओं का अनुमोदन कर विधायक को क्षेत्र में संचालित पेयजल योजनाओं की जानकारी दी।
तहसील कल्याण अधिकारी चंदनवीर ने बताया कि 10,464 पेंशन धारकों को सरकार की पेंशन योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। विद्युत मंडल के अधिशासी अभियंता पूर्ण चंद ने लडभड़ोल क्षेत्र के चूल्हा में बिजली के भार की क्षमता बढ़ाने के लिए 132 केवी के सब स्टेशन को स्थापित करने का प्रस्ताव सौंपा।
जोगिंद्रनगर अस्पताल के एसएमओ विकास नाथ ने विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए अनुमानित दो करोड़ के बजट की मांग की। खंड चिकित्साधिकारी लडभड़ोल डॉ. विजय ने सामुदायिक अस्पताल चौंतड़ा, सिविल अस्पताल लडभड़ोल समेत अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और दुरुस्त करने पर चर्चा की।
एसडीएम मनीश चौधरी ने विधायक प्रकाश राणा को बताया कि मानसून सीजन में आपदा से प्रभावित विभिन्न श्रेणियों में शामिल 100 से अधिक परिवारों को करीब चार करोड़ की धनराशि बांटी गई है। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारियों में राजीव सूद, संजय शर्मा, शक्ति राणा मौजूद रहे।