सरकाघाट (मंडी)। एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने बताया कि बरसात के दौरान आपदा की स्थिति में लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में लोग कंट्रोल रूम के नंबर 01905-230042, 70185-30170 और 98053-41429 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 94182-02194 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
एसडीएम स्वाति डोगरा ने कहा कि यह कंट्रोल 24 घंटे सेवाएं देगा। एसडीएम कार्यालय के अधीक्षक को कंट्रोल रूम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आपदा में नुकसान का आकलन और प्रभावितों की त्वरित सहायता के लिए वरिष्ठ सहायक, कार्यालय कानूनगो, रिकार्ड कानूनगो, पटवारी व अन्य कर्मचारी मौजूद होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि मानसून के दौरान खड्डों व नालों से दूर रहें क्योंकि बारिश के कारण खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। इससे जान माल को नुकसान होने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान अनावश्यक यात्राओं व पर्यटक स्थलों में जाने से भी परहेज करें।