करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग के माहूंनाग के पास बुधवार सुबह शिमला की ओर जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में बस में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए करसोग अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
बुधवार सुबह आठ बजे निजी बस एचपी65-2607 माहूंनाग बस स्टॉप से कुछ ही दूरी पर करीब 150 फीट गहरी खाई में गिरी। हादसे के समय बस में नौ लोग सवार थे। हादसे का पता चलते ही माहूंनाग गांव के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। हादसे में विजय सिंह (28) पुत्र रूप सिंह निवासी गांव बखारी की मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को 108 और निजी वाहनों से करसोग अस्पताल पहुंचाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
बस माहूंनाग से शिमला जा रही थी। माहूंनाग से कुछ ही दूरी पर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायलों को देखने के लिए परिजन करसोग अस्पताल पहुंचे। घायलों में कुलदीप (17) निवासी सरत्यौला गांव, मनीषा (20), राजेंद्र कुमार (27) निवासी भनोग, कृष्ण लाल निवासी गांव दरल, वीरेंद्र कुमार निवासी सरयोग को शिमला रेफर किया गया। जबकि करसोग अस्पताल में चंद्रावती पत्नी राजेंद्र, दो साल का अरनव पुत्र राजेंद्र कुमार, प्रेमलाल निवासी गांव भमाला का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम करसोग विवेक चौहान, तहसीलदार जीवन सिंह नेगी ने घायलों को पांच-पांच हजार की राहत राशि प्रदान की। सीपीएस मनसाराम, पूर्व विधायक हीरा लाल ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल चाल पूछा। करसोग थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है। हादसे के समय बस में नौ लोग सवार थे।