मंडी। मानसून आने से कई दिन पहले ही नगर निगम और अन्य विभाग बरसात से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर देते हैं, ताकि लोगाें को दिक्कतें न झेलनी पड़े। मगर मंडी शहर में सभी तैयारियां फव्वारा बनकर फूट पड़ी हैं। जरा-सी बरसात में ही सड़कों पर जलभराव हो रहा है। सीवरेज चैंबरों से फव्वारे फूट रहे हैं।
शुक्रवार कुछ देर के लिए हुई बारिश में ही शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। बरसात का पानी नालियों में नहीं बल्कि सड़कों पर बह रहा था। कारण नालियों का ब्लॉक होने है। जेलरोड, पैलेस कालोनी, स्कूल बाजार में कई जगहों पर नालियों बंद पड़ी हैं। ऐसे में पानी सीधा सड़क पर पहुंच रहा है। ऐसे में यही सवाल उठता है कि बरसात में आखिर नालियां कहां साफ की गई।
वहीं, सीवरेज चैंबर फव्वारों की तरह बह रहे थे। इनसे निकलने वाला गंदा पानी वाहनों के चलने से लोगों के चेहरे और कपड़ों पर पड़ रहा था। इसके अलावा बारिश का पानी सड़कों पर बहने से पैदल चलने वाले लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए गले की फांस बन गया। इस पानी के चलते लोगोंं के कपड़े, जूते भीग गए और सीवरेज के पानी के कारण तो लोगों को घरों में जाते ही दोबारा नहाना पड़ा।
आईपीएच के सहायक अभियंता रोहित ठाकुर ने कहा कि शिकायत मिलने के तुरंत बार कर्मचारियों को भेजकर चैंबर ठीक करवाए जाते हैं। वहीं, नगर निगम के सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया ने कहा कि नालियों की सफाई सुनिश्चित की गई है अगर, फिर भी समस्या आई है तो इसे ठीक किया जाएगा।
इन स्थानों पर अधिक परेशानी
शहर के जेल रोड, पैलेस कालोनी, सुहड़ा मुहल्ला, थनेहड़ा मोहल्ले में पानी के चैंबर बार बार लीक हो रहे हैं। शुक्रवार को बारिश के दौरान जेल रोड में चैंबर को फव्वारे की तरह पानी सीधा सड़क पर बह रहा था। इस पानी का पूरा बहाव सड़क पर जाने से गाड़ियों के चलने से इसका गंदा पानी लोगों पर और दुकानों तक पहुंच रहा था। वहीं, लोगों का कहना है कि शिकायत करने के बाद हर बार कर्मचारी ठीक करने को आते हैं, मगर बाद में हर दूसरे दिन यही समस्या हो रही है।
मंडी के चौहाटा बाजार में बारिश के दौरान छाता लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते लोग संवाद
मंडी के चौहाटा बाजार में बारिश के दौरान छाता लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते लोग संवाद