लडभड़ोल (मंडी)। बैजनाथ-नेरी-कांढापत्तन मार्ग में लडभड़ोल से खद्दर तक सड़क की हालत दयनीय है। करीब एक सप्ताह पूर्व लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर पड़े गहरे गड्ढों में मिट्टी डाल दी। बीते वीरवार को हुई बारिश के बाद सड़क में कीचड़ फैल गया है। दोपहिया वाहन चालक फिसल कर हादसों का शिकार हो रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की व्यवस्थाओं की पोल भी खुली है।
लडभड़ोल मुख्य बाजार सहित गोरा, बलोटू गांव में सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। यहां सड़क पर कीचड़ फैलने और पानी की निकासी न होने से फिसलन बेहद खतरनाक हो गई है। इस कारण दोपहिया वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। जिम्मेदार अधिकारी भी सड़क से गुजर तो रहे हैं, लेकिन कीचड़ नहीं दिख रहा है। स्थानीय निवासी संदीप कुमार, राजेश कुमार, मनोज चौहान, बलराम ठाकुर, अश्वनी कुमार, आयुष चौहान आदि ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग इस मार्ग की मरम्मत में पूरी तरह से नाकाम रहा है।
सड़क पर जगह-जगह मलबा पड़ा है और बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं। बारिश ने विभागीय कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है। विभाग इस मार्ग को पूरी तरह से अनदेखा कर रहा है। मार्ग पर रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं और सड़क की खराब हालत से लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की मरम्मत की मांग उठाई है।
...
अधिकारियों को इस मामले में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
-राजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल जोगिंद्रनगर