अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने का शक
गाड़ी जब्त कर आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। कार से चरस की बड़ी खेप बरामद होने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। अदालत ने गिरफ्तार आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी अंतरराज्यीय चरस तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी जब्त कर ली है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के लिए संबंधित थानों से जानकारी मांगी है। रिमांड के दौरान आरोपियों से चरस की सप्लाई के स्रोत, खेप को कहां पहुंचाया जाना था और तस्करी में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, आरोपियों के वित्तीय लेनदेन और कॉल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि उनके संपर्कों और गतिविधियों का पता लगाया जा सके। डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों के वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।