धर्मपुर क्षेत्र में तैयार मौसम्मी फल की खेप रिलायंस स्टोर राजपुरा में पहुंची। स्रोत विभाग
धर्मपुर (मंडी)। एचपी शिवा परियोजना में धर्मपुर उपमंडल के छुुईघाट और चुरू-रा-बल्ह क्षेत्रों के बागवानों को लाभ मिलना शुरू हो गया है। इन क्षेत्रों की मौसमी की तीसरी खेप बीते शुक्रवार को रिलायंस कंपनी के राजपुरा (पंजाब) स्थित स्टोर पहुंचाई गई।
शिवा परियोजना धर्मपुर के समन्वयक तेजिंदर और जीओसी प्रधान रितेश भारद्वाज ने पंजाब स्थित रिलायंस स्टोर राजपुरा में फसल की बिक्री प्रक्रिया को पूरा किया। 1650 क्विंटल उपज में से 1474 क्विंटल चयनित उपज बेची गई। इसका मूल्य 39 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया।
बिक्री प्रक्रिया की निगरानी क्षेत्रीय विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान विभाग के डॉ. अनिल ठाकुर ने की। डॉ. अनिल ने बताया कि इस पहल से किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है। अब उनकी उपज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है। कहा कि एचपी शिवा परियोजना के तहत किसानों को नई विपणन संभावनाएं मिल रही हैं। वे आत्मनिर्भर एवं बाजार-सक्षम बन रहे हैं।
स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। कहा कि एचपी शिवा परियोजना ने किसानों को नई पहचान दी है। उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनेंगी और हिमाचल को बागवानी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। संवाद