जोगिंद्रनगर में सिरे नहीं चढ़ पाई 22 करोड़ की पेयजल योजना
सरकाघाट सड़क पर खुद्दर, मच्छयाल में नेरी, खड़ीहार, जगह-जगह पर फेंके लाखों के पाइप
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में 22 करोड़ रुपये की पेयजल योजना अधर में लटकने से लाखों रुपये के पाइप सड़कों के किनारे बिखरे पड़े हैं। सरकाघाट रोड के खुद्दर और मच्छयाल सहित कई स्थानों पर पड़े इन पाइपों के कारण हादसों की आशंका बढ़ गई है, जबकि कुछ पाइप चोरी भी हो गए हैं। कई जगह सड़क संकरी होने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
ये पाइप मसौली, चल्हारग, नेरी, चिम्हणू, खड़ीहार, कोलंग, कुठेहड़ा और त्रैंबली पंचायतों के हजारों उपभोक्ताओं के लिए प्रस्तावित पेयजल योजना में उपयोग होने थे, लेकिन विरोध के चलते कार्य पूरा नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सहायक अभियंता प्रदीप चड्ढा ने बताया कि योजना का कार्य पीआईयू मंडी की देखरेख में हो रहा है। स्थानीय जल शक्ति विभाग का इससे सीधा संबंध नहीं है, फिर भी उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया जाएगा।