संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और हरित एवं स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत ई-टैक्सी योजना संचालित की जा रही है। योजना के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ई-टैक्सी खरीदने पर पात्र लाभार्थियों को वाहन की लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान (सब्सिडी) प्रदान किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को स्थायी स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा हरित हिमाचल के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में कम से कम एक वर्ष से पंजीकृत होना अनिवार्य है। इसके अलावा, आवेदक के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए।