मंडी। छोटी काशी मंडी के यू ब्लाक पार्किंग से जुड़ी याचिका को सुप्रीमकोर्ट ने रद्द कर दिया है। कोई ठोस आधार न होने पर खंडपीठ ने इसे खारिज किया। याचिकाकर्ता की गुहार पर हिमाचल हाईकोर्ट को लंबित याचिकाओं का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए हैं।
न्यायमूर्ति अब्दुल नजीर और कृष्णा मुरारी की खंडपीठ में याचिका की सुनवाई हुई। बता दें कि याचिकाकर्ता यशोधा देवी और अन्य ने उच्च न्यायालय में यू ब्लाक में चल रहे निर्माण को बंद करने की गुहार लगाई थी। हाईकोर्ट में राहत न मिलने पर याचिकाकर्ता ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की। इसकी सुनवाई सुप्रीमकोर्ट में 21 फरवरी को हुई। याचिका में कोई मेरिट न पाए जाने पर इसे खारिज किया है। उच्च न्यायालय में यह मामला सितंबर 2021 से लंबित है। स्कूल भवन को गिरा यहां बहुमंजिला पार्किंग बन रही है। स्कूल भवन गिराए जाने और बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण को लेकर स्कूल के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विरोध जताया था। शहर में प्रदर्शन भी हुए।
कुछ संस्थानों ने मामले की जांच और निर्माण कार्य पर रोक लगाने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर पक्ष रखने के निर्देश दिए थे मगर न्यायालय ने निर्माण कार्य पर कोई रोक नहीं लगाई थी।