चौंतड़ा में युवक की हत्या के बाद मौके पर छानबीन करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
चौंतड़ा (मंडी)। दिसंबर माह में सालगिरह मनाने से पहले चौंतड़ा के भटेहड़ गांव के पैराग्लाइडर पायलट नरेश बिष्ट को मौत के घाट उतार दिया गया। नरेश की बीबी आठ माह के गर्भ से है। बच्चे के दुनिया में आने से पहले ही बाप का साया उसके सिर से छिन गया है। हत्या से क्षेत्र और चौंतड़ा पंचायत में मातम छा गया है। सालगिरह मनाने से पहले ही रीना देवी का सुहाग उजड़ गया है। दोनों ने दिसंबर 2015 में प्रेम विवाह किया था।
नरेश विष्ट की निर्मम हत्या से स्थानीय लोग भी सकते में हैं। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी ही नरेश की मौत का कारण बन गई। हत्या का आरोपी टैक्सी चालक रंजीत भी नरेश का दोस्त बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद सभी दोस्तों को घर छोड़ने के बाद नरेश व रंजीत आपस में उलझ गए। दोनों की बहस मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच रंजीत ने तैश में आकर नरेश पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। नरेश की पत्नी रीना देवी (21) पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। नरेश बच्चे का मुंह देखने से पहले ही दुनिया छोड़ कर चला गया। भटेहड़ गांव के सेवानिवृत्त सैनिक स्व. जसवंत सिंह के तीनों लड़कों में नरेश सबसे छोटा बेटा था। पति के निधन के बाद बेटे की हत्या होने से माता शारदा देवी को बहुत गहरा आघात पहुंचा है। पंचायत प्रधान प्यार चंद कोहली ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। पुलिस व प्रशासन से इस हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।