कम्यूट पेंशन अवधि 15 साल पूरे होने पर बंद की जाए रिकवरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम मंडी इकाई की मासिक बैठक सोमवार को मांडव चेरिटेबल ट्रस्ट भवन जेल रोड में हुई। बैठक की अध्यक्षता फोरम के चेयरमैन राजेश बहल ने की। फोरम के महासचिव डीडी राणा ने बताया कि बैठक में पेंशनरों की समस्याओं और मांगों को उठाते हुए बोर्ड प्रबंधन से जोर शोर से समाधान करवाने की मांग उठाई।
कहा कि 2016 से लंबित मांगों में लीव इन कैशमेंट, रिवाइज्ड ग्रेच्युटी, संशोधित फिक्सेशन का एरियर आदि को शीघ्र पूरा किया जाए। इसके साथ हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया गया कि जिन पेंशनरों की कम्यूट पेंशन की अवधि के 15 साल पूरे हो गए हैं, उनकी रिकवरी समय पर बंद की जाए। हिमाचल सरकार से मांग की कि पंजाब और हरियाणा के हिसाब से ही कम्यूट पेंशन की अवधि हिमाचल में भी निर्धारित की जाए। सभी सदस्यों ने केंद्रीय कार्यकारिणी से आग्रह किया कि केंद्रीय कार्यकारिणी के चुनाव पुराने पैट्रन के आधार पर करवाए जाएं। फोरम के चेयरमैन ने सभी सदस्यों को केंद्रीय कार्यकारिणी की ओर से लिए गए कार्यकलापों के बारे विस्तारपूर्वक अवगत करवाया। बैठक में डीके ठाकुर, गजपाल सिंह, जितेंद्र वालिया, श्याम लाल, सुरेश राणा, सतीश शर्मा सहित करीब एक सौ पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।