मंडी। हिम आंचल पेंशनर संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि पेंशनरों के सभी पुराने देय लंबित देनदारियाें का शीघ्र भुगतान किया जाए, ताकि सभी पेंशनर अपना उपचार, बच्चों की पढ़ाई, परिवार का पालन पोषण कर सके।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों की संशोधित ग्रेच्युटी, लीव एन्केशमेंट, कम्युटेशन बकाया राशि, महंगाई भत्ते की देय चार भत्ता किश्तें नहीं मिली हैं। साथ ही महंगाई भत्ते की तीन किस्तों का 21 माह का एरियर और चिकित्सा बिलों का भी भुगतान नहीं किया गया है। सरकार पेंशनरों के भुगतान राशि के लिए शीघ्र बजट मुहैया करवाएं और एकमुश्त भुगतान करें।
जनवरी 2016 से पेंशन संशोधन के आदेश जारी हुए चार वर्ष से ज्यादा समय गुजर गया है, लेकिन सरकार ने पेंशनरों की लंबित एरियर का भुगतान नहीं किया है। वर्तमान सरकार के आने पर मुख्यमंत्री ने पेंशनरों की सभी देनदारियों को पूरा करने के लिए 4-5 माह का समय बताया था, लेकिन पेंशनर्स आज दिन तक अपने एरियर के इंतजार में बैठे हैं।
मुख्यमंत्री से आग्रह है कि पेंशनरों को जनवरी 2016 से पेंशन संशोधन के सभी लंबित बकाया राशियों के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान किया जाए। संवाद