पधर/बरोट (मंडी)। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंगलवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील कार्यालय पधर एवं चौहार घाटी में स्थित उपतहसील टिक्कन का निरीक्षण किया। उन्होंने इन दोनों कार्यालयों में विभिन्न दस्तावेजों का अवलोकन किया और राजस्व अदालतों में चल रहे मामलों की समीक्षा की।
इस अवसर पर अपूर्व देवगन ने तहसील पधर एवं उप-तहसील टिक्कन में कार्यों पर संतोष जताया और राजस्व अधिकारियों का आह्वान किया कि वे इसकी निरंतरता बनाए रखते हुए विभिन्न मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि राजस्व मामलों के निपटारे में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 28 फरवरी, 2025 से पहले के सभी मामलों का 15 दिन में निपटारा सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 से पहले के लंबित मामलों का भी अगले तीन माह में निपटान करें। कहा कि इसमें किसी भी तरह की ढिलाई सामने आने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी की जबावदेही सुनिश्चित करते हुए स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत करना होगा। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी पधर सुरजीत सिंह सहित राजस्व विभाग के सभी उच्चाधिकारी एवं पटवारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
छात्रों से किया शिक्षा संबंधी संवाद
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने चौहार घाटी की राजकीय उच्च पाठशाला टिक्कन का दौरा किया और छात्रों के साथ शिक्षा संबंधी संवाद भी किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पठन-पाठन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उपायुक्त ने छात्रों का आह्वान किया कि वे जीवन में एक लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें और उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें।