कमांद स्कूल के वार्षिक समारोह में आईआईटी मंडी के निदेशक को सम्मानित करते स्कूल प्रबंधन। -स्रोत
कटौला। आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि बच्चों के शारीरिक विकास में सबसे बड़ी बाधा पढ़ाई के कारण उत्पन्न होने वाला मानसिक दबाव है। अभिभावकों बच्चों के लिए सहज और स्वाभाविक शिक्षा सुनिश्चित करें। बच्चों पर अपनी उम्मीदों का दबाव न डालें, ताकि वे स्वस्थ मानसिक स्थिति में रहते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकें।
प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कमांद में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रो. बेहरा ने कहा कि स्थायी सफलता व्यक्ति को केवल निरंतर परिश्रम और प्रयासों से ही मिल सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने जीवन में परिश्रम के साथ निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए, ताकि मन वांछित लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों से भी आह्वान किया कि नशे के रोग से जड़ से मिटाने के लिए सहयोग करें। इसके बाद मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पहले स्कूल प्रधानाचार्य अल्पना शर्मा समेत अन्य अध्यापकों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।