जोगिंद्रनगर एथलेटिक्स सेंटर खेल मैदान में एंटी ड्रग्स रैली के दौरान मौजूद विभिन्न संस्थाओं के
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में नशा माफिया को सलाखों के पीछे धकेलने को लेकर मंगलवार को रोटरी टास्क फोर्स और विभिन्न संगठनों ने एंटी ड्रग कार रैली निकाली। रैली को तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एथलेटिक सेंटर से शुरू हुई रैली में सभी संगठनों ने एकजुट होकर कहा कि नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
माफिया का पता लगाया जाएगा। उसके बाद घरों में दबिश देकर धंधे को बंद करवाया जाएगा। रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर, अपनत्व सेवा समिति, हिम आंचल पेंशनर महासंघ, फोरलेन संघर्ष समिति, महिला मंडल की सदस्यों के अलावा सरकारी और निजी स्कूलों के पदाधिकारी भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। तहसीलदार जोगिंद्रनगर डॉ. मुकुल शर्मा ने कहा कि अधिकांश युवा आसानी से मिलने वाले नशे को अपनाकर इसकी गिरफ्त में आकर अपने भविष्य को खराब कर रहे हैं।
रोटरी अध्यक्ष अमर सिंह, पूर्व अध्यक्ष अजय ठाकुर, राम लाल वालिया आदि ने कहा कि नशीले पदार्थ बेचने वाले गिरोह को पुलिस की ओर से सलाखों के पीछे धकेलने के बाद भी नशीले पदार्थ धड़ल्ले से बिक रहे हैं। इसलिए अब सामाजिक संगठनों को एकजुट होकर नशा माफिया को सलाखों के पीछे धकेलने का काम करना चाहिए। एंटी ड्रग्स कार रैली में पुलिस, दमकल विभाग, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, मैक्सी कैब यूनियन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के करीब 200 लोगों ने भाग लिया। यह रैली भट्ठा, मझारनू, भराड़ू के बाद ग्रामीण क्षेत्र जलपेहड़, बालकरूपी तक लगभग 50 किलोमीटर का सफर पूरा कर स्थानीय लोगों से नशा तस्करों के खिलाफ अपनी भूमिका दर्ज करवाने का आह्वान किया। संवाद
मंडी पुलिस की स्पेशल टीमें ड्रग पैडलरों को सलाखों के पीछे धकेलने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है और अब सामाजिक संगठनों का सहयोग मिलने के बाद नशे का कारोबार भी पूरी तरह से समाप्त होगा। साक्षी वर्मा, एसपी मंडी