मंडी महाशिवरात्रि मेले के दौरान पड्डल मैदान में सजे मेले को खाली करने के आदेश प्रशासन ने दिए हैं।
- फोटो : Mandi
मंडी। कोरोना के बढ़ रहे मामलों के बीच अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेले के समापन के 18 दिनों तक डेरा जमाए कारोबारियों को पड्डल मैदान खाली करने के आदेश प्रशासन ने जारी कर दिए हैं। यदि मंगलवार तक मेला स्थल खाली नहीं हुआ तो प्रशासन कार्रवाई करेगा।
सोमवार को लोगों की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने पुलिस की मदद ली और पड्डल के गेट बंद कर दिए। इस दौरान कई लोग जब जबरन खरीदारी करने के लिए पड्डल में जाने लगे तो उन्हें रोक दिया गया। कारोबारियों को उठाने के लिए पुलिस की मदद ली जा रही है।
मंडी में 11 से 18 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेला आयोजित किया गया था। मेला समापन के बाद जिला प्रशासन ने कारोबारियों को 15 दिनों के लिए कारोबार करने का समय दिया था। चार अप्रैल को समयावधि पूरी हो जाने पर प्रशासन ने कारोबारियों को उठाना शुरू कर दिया है।
कुछ व्यापारी लौट गए हैं। पड्डल मैदान में अब केवल कबाड़, बर्तन, कपड़ा, क्रॉकरी, झूले और कुछ एक खानपान की दुकानें सजी हुई हैं। सोमवार को जिला प्रशासन ने पुलिस कर्मचारियों सहित मेला स्थल में डेरा जमाए कारोबारियों को उठाना शुरू कर दिया। इधर एसडीएम मंडी निवेदिता नेगी ने कहा कि कारोबारियों को कुछ समय दिया गया था। समय अवधि समाप्त होने पर अब कारोबारियों को उठाना शुरू कर दिया गया है। इस कार्य के लिए पुलिस की भी मदद ली जा रही है। यदि कोई कार्रवाई उठने से मना करता है तो उसके विरुद्ध प्रशासन कार्रवाई करने से गुरेज नहीं करेगा।