मंडी। वाहन चोरी मामले में पुलिस ने सेल और परचेज के नकली दस्तावेज तैयार करने के आरोप में डाक्यूमेंट राइटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी जिला न्यायालय परिसर में डाक्यूमेंट राइटर का काम करता है। मामले की तफ्तीश कर रही पुलिस ने वाहन चोरी मामले में गिरफ्तार राजू गुप्ता की निशानदेही पर चक्कर से एक मैकेनिक की दुकान से बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि वाहन चोरी मामले में बल्ह क्षेत्र के सिहण गांव के नंद लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी नंद लाल जिला न्यायालय परिसर में डाक्यूमेंट राइटर का काम करता है। नंद लाल ने कृष्ण लाल और मंगत राम के नाम से सेल व परचेज के नकली दस्तावेज बनाए थे। उन्होंने बताया कि वाहन चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी राजू गुप्ता की निशानदेही पर चक्कर स्थित मैकेनिक भीम सिंह की दुकान से बुलेट मोटरसाइकिल एचपी 52बी-0838 को बरामद किया है।
पुलिस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है। जिला पुलिस ने सुंदरनगर, नेरचौक, कनैड़, रानी की बाईं से डेढ़ दर्जन से अधिक चोरी की लग्जरी गाड़ियां बरामद की थी। जिसके बाद मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई। पुलिस बाहरी राज्यों से भी चोरी मामले में बरामद वाहनों की वेरिफिकेशन करवा रही है। साथ ही फॉरेंसिक लैब से वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों की जांच करवाई जा रही है।