मंडी में एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन के प्रदर्शन में भाग लेते सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन की बैठक भीमाकाली मंदिर मंडी में सोमवार को हुई। इसकी अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एमआर भारद्वाज ने की। बैठक में दिल्ली में धरने के दौरान गुरिल्लाओं पर पुलिस के लाठीचार्ज से घायल एक गुरिल्ला की अस्पताल में मौत पर गुरिल्ला भड़क गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। प्रदेशाध्यक्ष एमआर भारद्वाज ने कहा कि भारत सरकार के आदेश पर हुए इस लाठीचार्ज से गुरिल्ला आहत हैं और इस कार्रवाई का हर मंच पर जवाब दिया जाएगा। प्रदेश के चारों सांसदों ने आश्वासन दिया था कि शीतकालीन सत्र में गुरिल्लाओं का मामला प्रधानमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और मणिपुर की तर्ज पर हिमाचल के गुरिल्लाओं को वित्तीय लाभ दिलाए जाएंगे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरिल्ला कानूनी लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। जब तक गुरिल्लाओं को हक नहीं मिलता, लड़ाई लड़ते रहेंगे। इस अवसर पर सचिव पवन कुमार, कोषाध्यक्ष हुकम चंद, धर्मी, बंती देवी, नेक राम, धना राम, देश राज व परमानंद आदि मौजूद रहे।