भूस्खलन से मंडी-कुल्लू एनएच चार मील में दो घंटे और मंडी जालंधर मनलोन में रहा ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिलेभर में मंगलवार तड़के हुई बारिश से भारी नुकसान हुआ है। लडभड़ोल क्षेत्र में एक स्लेटपोश मकान ढह गया है। मंगलवार दोपहर बाद 3:00 बजे की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 25 सड़कें और 12 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं।
हालांकि सुबह के समय जिले में 59 सड़कें और 39 बिजली ट्रांसफार्मर ठप थे। बीते 24 घंटों में जिलेभर में बारिश से 4.03 करोड़ रुपये नुकसान आंका गया है। अब तक जिले में बरसात से कुल 186.65 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है, जबकि बारिश का कहर जारी है।
मंगलवार सुबह बारिश से दो एनएच ठप रहे। मंडी-कुल्लू एनएच पर चार मील में दो घंटे यातायात ठप रहा। एहतियातन तौर पर एनएच पर खोली गईं दोनों अस्थायी चौकियों के पास यातायात रोक दिया था। वहीं, मंडी-जालंधर वाया कोटली एनएच मनलोन में ठप रहा।
बारिश से जिलेभर में लोक निर्माण विभाग मंडी को 2.57 करोड़ रुपये, धर्मपुर में 23.95 लाख रुपये, जोगिंद्रनगर में 1.15 करोड़ रुपये नुकसान आंका गया है। इसी तरह बिजली बोर्ड मंडी को 3.17 करोड़ रुपये, शिक्षा विभाग काे 3.50 लाख रुपये नुकसान हुआ है। उधर, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। नुकसान की रिपोर्ट ली जा रही है। बंद सड़कों को बहाल करने के लिए मशीनरी जुटी हुई है।
लंघा में बुजुर्ग महिला हुई बेघर
लडभड़ोल (मंडी)। क्षेत्र की ऊटपुर पंचायत के गांव लंघा में देर रात एक स्लेटपोश मकान ढह गया। इससे लंघा निवासी विमला देवी पत्नी रमेश चंद बेघर हो गई हैं। घर के इर्द-गिर्द मलबा ही मलबा पड़ हुआ हैं। विमला देवी देर रात अकेले ही इस मकान में सो रही थी। इसी दौरान विमला देवी भारी बारिश के बीच बाहर आ गई और अचानक स्लेटपोश मकान गिर गया। तहसीलदार लडभड़ोल उर्मिला सुमन ने बताया कि मौके में जाकर जायजा लिया गया है। पीड़ित बुजुर्ग महिला को प्रशासन की ओर से 5000 रुपये की फौरी राहत की गई है। संवाद
मंडी-कुल्लू के बीच एनएच पर चार मील के पास हुआ भूस्खलन। स्त्रोत- जागरूक पाठक