जलाभिषेक के लिए सुबह 4 बजे से शिवालयों के बाहर कतारों में खड़े रहे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिलेभर के शिवालयों में सावन मास के तीसरे सोमवार को जिले के शिव मंदिर ऊं नम: शिवाय के जाप से गुंजते रहे। श्रद्धालु अपने अराध्य भगवान शिव का रूद्राभिषेक करने के लिए सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर कतारों में खड़े दिखे। श्रद्धालुओं ने अपनी बारी आने पर अपने प्रिय भगवान का दूध-दही, माखन-घी और जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भांग, धतुरा, बिल्ल पत्र और सफेद फूलों को अर्पित कर सुख शांति का आशीर्वाद मांगा। जगह-जगह श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन कमेटियों की ओर से खीर भंडारे परोसे गए।
सुबह से ही शिवालयों में ओम नम शिवाय के नाम का जाप करते हुए भजन-कीर्तन से वातावरण गूंजायमान रहा। छोटी कांशी मंडी के बाबा भूतनाथ मंदिर, नीलकंठ महादेव, एकादश रूद्र, महामृत्यंजय, अर्धनारिश्वर, त्रिलोकी नाथ, सिद्ध शंभू सहित ममलेश्वर महादेव करसोग, शंकर देहरा, महादेव मंदिर सुंदरनगर, डैहर, शिव मंदिर सरकाघाट, त्रिवेणी महादेव मंदिर धर्मपुर, कूड महादेव मंदिर लडभड़ोल, शिव मंदिर लदरूही जोगिंद्रनगर, पधर सहित जिला के अन्य शिवालयों में दिन भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंडी शहर के माता सिद्ध काली मंदिर परिसर में प्रवासी लोगों द्वारा सामूहिक रूप से खीर भंडार लगाया गया। जबकि चौहटा बाजार, भूतनाथ मंदिर, महामृत्यंजय, नीलकंठ, जेलरोड़ शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं व दानी सज्जनों के सहयोग से खीर भंडारे लगाए गए। इसके एकादश रूद्र मंदिर में चल रहे अखंड जाप के साथ श्रद्धालुओं द्वारा भजन कीर्तन से अपने अराध्य को रिझाया। मंदिर के पुजारी सत सुंदरम ने कहा कि 16 जुलाई से मंदिर में चल रहे अखंड जाप का समापन 15 अगस्त को पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। इस दिन मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।