संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। विकास खंड अधिकारी कार्यालय सुंदरनगर के सभागार में वीरवार को पंचायत समिति सुंदरनगर और पंचायत समिति निहरी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। समारोह में एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पंचायत समिति सुंदरनगर में वार्ड-3 सलापड़ कॉलोनी (बोबर एवं कंदार) से निर्वाचित रोशन लाल ने अध्यक्ष और वार्ड-8 जड़ोल (जड़ोल एवं सलवाणा) से निर्वाचित जीतराम ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। वहीं, पंचायत समिति निहरी में वार्ड-6 गलयोग, सिनी एवं प्रेसी से निर्वाचित देवी सिंह कौशल ने अध्यक्ष तथा वार्ड-14 बलग से निर्वाचित देवेंद्र कुमार ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ली। दोनों को पूर्व में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचित घोषित किया था। एसडीएम ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनहित, पारदर्शिता और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। शपथ ग्रहण समारोह में सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल व अन्य मौजूद रहे।