सुंदरनगर बस अड्डा पर एनसीए कार्ड बनाने के लिए स्थापित किया गया काउंटर। -संवाद
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल पथ परिवहन निगम सुंदरनगर द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए एनसीएम कार्ड (राष्ट्रीय सामान्य मोबिलिटी कार्ड) की सुविधा देने की पहल की है। इस कार्ड को यात्री एचआरटीसी, सीटीयू, ट्रेन और मेट्रो का किराये देने के साथ ही शॉपिंग मॉल में खरीदारी के लिए प्रयोग कर सकते हैं। अभी तक इस सुविधा को देश के किसी भी राज्य की अन्य निगम द्वारा शुरू नहीं किया गया है।
एचआरटीसी ने इस सेवा को शुरू कर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए कदम उठाया है। एनसीएम कार्ड बनाने के लिए सिर्फ 100 रुपये खर्च करने होंगे। इसके बाद यात्री इसमें अपने मर्जी के हिसाब से 10 हजार रुपये तक बैलेंस रख सकते हैं। कार्ड धारक यात्री ईटीएम (ई-टिकटिंग मशीन) प्रयोग करने वाली बसों और ट्रेनों में इस कार्ड से किराये का भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा जिन शॉपिंग मॉल में ईटीएम मशीन की सुविधा हैं, उन स्थानों पर भी इस कार्ड का प्रयोग किया जा सकता है।
एचआरटीसी प्रबंधन की मानें तो कई बार यात्रियों के पास अपना किराया देने के लिए पैसे नहीं होते या फिर खुले पैसे न होने से उन्हें अपने किराये का भुगतान करने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। एनसीएम कार्ड बनाने के बाद उन्हें इन सभी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा और किराये के लिए खुले पैसे रखने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। राष्ट्रीय सामान्य मोबिलिटी कार्ड बनाने के लिए बस अड्डा सुंदरनगर में विशेष काउंटर बनाया गया है। जहां पर यात्री अपने लिए इस कार्ड की सुविधा ले रहे हैं।
कार्ड बनाने को चाहिए सिर्फ आधार नंबर
राष्ट्रीय सामान्य मोबिलिटी कार्ड बनाने के लिए यात्रियों को सिर्फ अपना आधार नंबर और 100 रुपये खर्च करना होगा। आधार कार्ड की मदद से यात्री अपना एनसीएम कार्ड बनवा सकेेंगे। इसके लिए सुंदरनगर बस अड्डा में काउंटर स्थापित कर किया गया है, जहां पर मंगलवार से सुविधा आरंभ हो गई है।
-विनोद कुमार, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी, मंडी