लकड़ी के निष्पादन पर उठी आपत्तियों के बाद शिव भूमि विकास समिति ने लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शिव भूमि में शवदाह के लिए लकड़ी की व्यवस्था अब मृतक के परिजनों अथवा उपयोगकर्ताओं को स्वयं करनी होगी। शिव भूमि विकास समिति ने लकड़ी के निष्पादन को लेकर लगातार उठ रही आपत्तियों के बाद यह निर्णय लिया है। बुधवार को समिति के प्रधान जुगल किशोर गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि शिव भूमि में शवदाह के लिए लकड़ी की व्यवस्था और उसके निष्पादन की जिम्मेदारी समिति लंबे समय से निभाती आ रही थी। समिति से जुड़े सदस्य सामाजिक दायित्व के तहत वर्षों से बिना किसी पारिश्रमिक के शिव भूमि की व्यवस्थाएं संभालते आ रहे हैं। बैठक में बताया गया कि शहर के एक व्यक्ति की ओर से लकड़ी के निष्पादन को लेकर लगातार आपत्तियां जताई जा रही थीं। इन आपत्तियों के चलते समिति ने निर्णय लिया कि भविष्य में शवदाह के लिए लकड़ी उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी समिति नहीं लेगी। समिति का कहना है कि इससे किसी भी तरह के विवाद या गलतफहमी की स्थिति से बचा जा सकेगा और जिम्मेदारियां भी स्पष्ट रहेंगी। बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया, विनोद शर्मा, जोगिंद्र शर्मा, पंकज सूद, रूपेश सेन, संजीव गुलेरिया सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।