nerchowk medical college, file photo
मंडी। कोविड मामलों में कमी आने के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज में सोमवार से सामान्य ऑपरेशन शुरू हो गए। सरकार ने हफ्ता पहले सामान्य ऑपरेशनों पर रोक लगा दी थी। सोमवार को ऑर्थो सर्जरी, पथरी के ऑपरेशन एक बार फिर शुरू कर दिए हैं। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
आपातकालीन ऑपरेशन पहले की तरह किए जा रहे हैं। इन्हें बंद नहीं किया गया था। अब नेरचौक मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से डॉक्टरों से कहा गया है कि कोविड की नजाकत को देखते हुए मरीजों को ऑपरेशन की तिथि दें ताकि मरीजों को परेशानी न झेलनी पड़े। सोमवार को नेरचौक मेेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन शुरू होने के बाद मरीजों ने राहत की सांस ली है।
ऑपरेशन का कई दिनों से इंतजार कर रहे मरीजों में सरकाघाट निवासी ज्ञान चंद और नाचन क्षेत्र के भक्तराम ने कहा कि अब जल्द ही उनके ऑपरेशन होने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. पीएल वर्मा ने कहा कि सरकार के आदेशों के मुताबिक कोविड के मामलों में कुछ कमी आने के बाद अब सामान्य ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं। बता दें कि पिछले सात दिनों में सामान्य ऑपरेशन नहीं होने से करीब 105 मरीजों के ऑपरेशन लटक गए थे।