2003 में डिग्री ले चुकीं बेरोजगार युवतियां भी साक्षात्कार देने पहुंचीं
रोजगार की उम्मीद में मंडी के पड्डल गुरुद्वारा के पास उमड़ी उम्मीदवारों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत आउटसोर्स माध्यम से विभिन्न 157 पदों के लिए जिले में करीब दो दिन में 2500 युवतियों ने साक्षात्कार दिया। इनमें कई युवतियां ऐसी हैं, जो 2003 में नर्सिंग कर चुकी हैं। अब तक नौकरी न मिलने के कारण वे भी मंडी के पड्डल समीप गुरुद्वारा परिसर में लगते स्कूल में साक्षात्कार देने पहुंचीं।अधिकांश युवतियों में बैचवाइज भर्ती करने को लेकर असमंजस की स्थिति भी थीं।
भले ही भर्ती आउटसोर्स तरीके से की जा रही है, लेकिन बेरोजगार युवतियों में नौकरी को लेकर काफी उत्साह दिखा। कई युवतियां शादी होने के बाद पति के साथ साक्षात्कार के लिए पहुंचीं और गुरुद्वारा के प्रागण में साक्षात्कार की तैयारी भी करती नजर आईं। रविवार को द्रंग, जोगिंद्रनगर, सदर मंडी, बल्ह और अन्य क्षेत्रों की युवतियों ने अपनी किस्मत आजमाई। हालांकि शनिवार की अपेक्षा रविवार को युवतियों की भीड़ कम दिखी। रविवार को भी आवेदन फार्म भरने के बाद उम्मीदवारों को पंजीकरण किया गया। इसके बाद बारी-बारी परीक्षा हॉल में उम्मीदवारों को ले जाया गया। जहां लिखित परीक्षा हुई। शनिवार को करसोग, सुंदरनगर, धर्मपुर, सरकाघाट, नाचन समेत अन्य क्षेत्रों की युवतियों ने हिस्सा लिया था।
एनएचएम के माध्यम से स्टाफ नर्स, सीएचओ, ओटीए, फार्मासिस्ट, काउंसलर समेत अन्य पदों को आउटसोर्स के जरिए भरा जा रहा है। भर्ती प्रकिया मंडी की निजी कंपनी करवा रही है। कंपनी की एचआर कृतिका ने बताया कि दो दिन में 2500 उम्मीदवारों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया है।