धर्मपुर (मंडी)। हिमाचल किसान सभा ने बरसात खत्म होने के बाद भी राष्ट्रीय उच्च मार्ग का निर्माण शुरू न होने पर चिंता जताई है। किसान सभा अब कंपनी और मोर्थ (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय) के खिलाफ पुनः आंदोलन शुरू करने जा रही है। इसके लिए 13 अक्तूबर को शिमला में राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार होगी।
पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह और किसान सभा नेताओं दिनेश काकू, रणताज राणा, पूर्ण चंद पराशर ने बताया कि धर्मपुर के विधायक ने 8 से 16 सितंबर तक अवाहदेवी चौक पर अनशन किया था। लोगों को उम्मीद थी कि इसके बाद स्थिति सुधरेगी, लेकिन निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया। उल्टा स्थानीय ठेकेदारों ने भुगतान न होने के कारण लौंगणी स्थित बीआरएन कंपनी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। बताया जा रहा है कि कंपनी पर ठेकेदारों का छह करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आम जनता के लिए सबसे बड़ी समस्या यह है कि सड़कों का काम अब तक शुरू ही नहीं हुआ। भूपेंद्र सिंह ने जिला और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य तुरंत शुरू करवाया जाए। उन्होंने कहा कि पाड़च्छू से कुमाहरड़ा तक 25 किलोमीटर सड़क का निर्माण बीआरएन कंपनी कर रही है। संवाद