द्रंग (मंडी)। खंड शिक्षा कार्यालय में मल्टी टास्क भर्ती के लिए आवेदकों के दस्तावेजों की जांच देर शाम 7:30 बजे तक जारी रही।
काउंसलिंग के लिए पहुंचे बेरोजगार पुरुष, महिलाओं को अपनी बारी के इंतजार में दिनभर खड़े रहना पड़ा। दुर्गम चौहारघाटी से आए अभ्यर्थी खासे परेशान हुए। बसें छूट जाने पर उन्हें टैक्सी हायर करनी पड़ी। कुछ रिश्तेदारों के पास पधर में ठहरे।
महिलाएं छोटे बच्चों को घर छोड़कर काउंसलिंग में भाग लेने आई थीं। शिक्षा खंड कार्यालय ने आवेदकों को काउंसलिंग के लिए प्रात: 9:30 बजे का समय दिया था। एसडीएम पधर संजीत सिंह प्रशासनिक कार्य में व्यस्तता के चलते करीब 11:30 बजे शिक्षा खंड कार्यालय पहुंचे।
काउंसलिंग प्रक्रिया में ग्रेजुएट और आईटीआई होल्डर बेरोजगार युवक भी शामिल हुए। विभाग ने आवेदकों से सिर्फ मिडल पास सर्टिफिकेट मांगा था। खंड शिक्षा अधिकारी गोविंद राम कटारिया ने कहा कि वीरवार को डलाह, सुधार, सिलग, द्रगड़, धार, सरवाला, भटेहड़, उरला, थलटूखोड, नगरोटा, चैहड़ गलू, चेलिंग-2, चुक्कू, रोपा, गाहंग, पदवाहन और पाली स्कूल के आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की गई।
शुक्रवार को प्राइमरी स्कूल बाड़ी, छाहड़ी, साहल, रोपड़ा, बल्ह टिक्कर, ग्रामण, सियून, पपलाहन, कथोग, खरयाण, कासला गलू, जुंडर, बुलंग, पशाकोट, कुगड़, गवाली और जोरला स्कूल के आवेदकों के दस्तावेज जांचे जाएंगे। संवाद