बीडीओ बालम राम ने शक्तियों, अधिकारों और योजनाओं की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। सिधपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शुक्रवार को विकास खंड धर्मपुर के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों की पहली परिचयात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ धर्मपुर बालम राम ने की, जिसमें सभी प्रधानों को उनकी जिम्मेदारियों, अधिकारों और पंचायत संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। बीडीओ ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। बैठक में विकास योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और सामुदायिक संपत्तियों के रखरखाव जैसे विषयों पर दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने वीबी जी रामजी पोर्टल के माध्यम से विकास कार्यों की योजना, निगरानी और क्रियान्वयन को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की जानकारी भी दी। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। कार्यक्रम में पंचायत निरीक्षक, सचिव, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक सहित कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।