पंडोह क्षेत्र में हुआ हादसा, बिलासपुर किया था रेफर, रास्ते में दम तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह(मंडी)। क्षेत्र में सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से पहले जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान जीवन लाल (58), पुत्र कोल सिंह, निवासी गांव सांबल, डाकघर पंडोह के रूप में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल मोड़ पर स्थित होने के बावजूद वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। स्योग जागर के बीडीसी सदस्य सौरव गुलेरिया ने बताया कि दुर्घटनास्थल के पास होटल के कारण सड़क किनारे कई वाहन खड़े रहते हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। मोड़ होने के कारण भी यहां गति नियंत्रित रहनी चाहिए, लेकिन कई चालक नियमों की अनदेखी कर तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएचएआई से इस स्थान पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।