परागपुर (कांगड़ा)। प्रशासन की नाकामी और भारी वाहनों पर अंकुश लगाने में विफल रही पुलिस कार्यप्रणाली ने शुक्रवार को नैहरनपुखर और परागपुर के बीच संपर्क की कड़ियां पूरी तरह काट दीं। मुख्य मार्ग मरम्मत के चलते पहले से ही बंद है लेकिन विकल्प के तौर पर इस्तेमाल हो रहे सिंगल रोड नलेटी पर सरिया से लदे एक ट्रक के फंसने से स्थिति विस्फोटक हो गई है। सुबह नौ बजे से करीब ट्रक फंस गया, जिस कारण पूरा दिन रास्ता बंद रहा। नलेटी पंचायत घर के पास पैरापिट से टकराकर हवा में झूलते इस ट्रक ने पूरी सड़क को एक अभेद्य दीवार की तरह रोक दिया है, जिससे परागपुर से नैहरनपुखर की ओर जाने वाले तमाम रास्ते बंद हो गए। इससे लोग परेशान हो गए हैं।
यह हादसा सीधा प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय निवासियों ने पहले ही कलोहा, सुनहेत और नैहरनपुखर चौक पर पहरा बिठाकर भारी ट्रकों को रोकने की गुहार लगाई थी। प्रशासन की इसी अनदेखी के कारण आज क्षेत्र की लाइफलाइन कही जाने वाली बसें भी पूरी तरह ठप रहीं और दोनों क्षेत्रों का एक-दूसरे से संपर्क टूट गया। आक्रोशित जनता का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते पुलिस कर्मियों को हिदायत दी होती तो आज इस भीषण जाम के कारण हजारों लोगों को परेशानी न झेलनी पड़ती। अब जनता ने दो टूक मांग की है कि कागजी घोड़े दौड़ाने के बजाय तुरंत इस अवरोध को हटाकर यातायात बहाल किया जाए।
भारी वाहनों को सुनहेत से वाया नलेटी जाने की अनुमति कतई नहीं दी जाएगी। यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस बाबत पुलिस विभाग से विस्तृत चर्चा की जा रही है। जल्द ही सुनहेत और कलोहा चौक पर पुलिस कर्मियों की स्थायी तैनाती करवाई जाएगी ताकि कोई भी बड़ा वाहन इस सिंगल रोड पर प्रवेश न कर सके और यातायात सुचारु बना रहे।
- कुलवंत सिंह पोटन, एसडीएम एवं आरटीओ देहरा