नगर परिषद सुंदरनगर के चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा काबिज हो गई है। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित सलाह वार्ड से पार्षद पूनम शर्मा व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित वनायक वार्ड से पार्षद दीपक सेन निर्विरोध चुने गए हैं। चुनाव प्रक्रिया में 13 में से केवल सात पार्षदों ने ही भाग लिया। जिनमें से चार पार्षद कांग्रेस समर्थित और तीन भाजपा समर्थित थे।
दोनों पक्षों में बातचीत के बाद अध्यक्ष पद कांग्रेस को व उपाध्यक्ष पद भाजपा समर्थित प्रत्याशी को देने पर सहमति बनी। जीत के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बुधवार को सुबह 10 बजे नगर परिषद के सात पार्षद शपथ लेने पहुंचे। इसके उपरांत 10:25 बजे चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के पद के लिए 11:25 तक आवेदन मांगे। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए पूनम शर्मा व उपाध्यक्ष पद के लिए दीपक सेन ने नामांकन दाखिल किया।
इनके अलावा कोई भी अन्य दावेदार सामने नहीं आया। जिसके उपरांत 30 मिनट नामांकन वापस लेने के लिए रखे थे। इस दौरान कोई भी नामांकन वापस नहीं होने के कारण उपमंडल अधिकारी (ना.) राजीव कुमार ने दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इस मौके पर नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया भी उपस्थित रही। चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस समर्थित पूनम शर्मा के अलावा अरुणा, ज्योति जंबाल व उर्मिला शर्मा व भाजपा समर्थित दीपक सेन के साथ संजय शास्त्री व सोहन लाल ने भाग लिया।
पार्षद रक्षा धीमान, पुष्पा देवी, बुद्धि सिंह, रमा देवी, दिनेश शर्मा व नरेश सेन ने चुनाव प्रक्रिया में शिरकत नहीं की। इधर, जीत के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों ने जीत का खूब जश्न मनाया। पूनम शर्मा ने जीत का श्रेय मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर को दिया है। वहीं, दीपक सेन ने जीत के बाद अपने समर्थकों सहित जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जम्बाल से मुलाकात की। जहां राकेश जम्बाल ने दीपक सेन को मिठाई खिला कर उपाध्यक्ष के पद की बधाई दी।