महिला के बयान का इंतजार
बयान देने की हालत में नहीं महिला, मायका-ससुराल के 12 लोगों के बयान दर्ज
पुलिस पूछताछ में किसी ने नहीं जताया किसी भी तरह का शक
डिजिटल पर न चलाएं...
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। पधर उपमंडल की जिल्हण पंचायत के सिल्हासवाड़ गांव में चार वर्षीय बेटे के साथ जहरीला पदार्थ खाने वाली 26 वर्षीय महिला के बयान नहीं हो पाने से घटना की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है। महिला की हालत अभी ऐसी नहीं है कि पुलिस उसके बयान दर्ज कर सके। पुलिस उसके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। इस बीच पुलिस ने मायका और ससुराल पक्ष के 12 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, लेकिन पूछताछ में किसी ने भी घटना को लेकर किसी तरह का शक नहीं जताया है।
महिला जय ललिता और उसके चार वर्षीय बेटे कनिष्क ने बीते रविवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया था। दोनों को उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। फिलहाल मां और बेटा दोनों अस्पताल में उपचाराधीन हैं। महिला की हालत में अभी पूरी तरह सुधार नहीं हुआ है और वह पुलिस को बयान देने की स्थिति में नहीं है।
वहीं, बेटे कनिष्क की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की है। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला के स्वस्थ होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।