जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में नौजवान बेटे की मौत का सदमा मां सहन नहीं कर पाई। बेटे की मौत के 20 दिन बाद मां ने भी प्राण त्याग दिए। महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। जोगिंद्रनगर के नजदीकी बालकरूपी में मां-बेटे की असामयिक मौत से उपमंडल में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार बालकरूपी निवासी टीजीटी अध्यापक सचिन मंडयाल (43) जिला कांगड़ा के चढ़ियार के नजदीकी भलाणा स्कूल में बतौर शिक्षक सेवाएं दे रहे थे। बीते पांच जनवरी को अचानक बीमार पड़ने के बाद चल बसे थे। इनके अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद आत्मा की शांति के लिए घर में आवश्यक कारज पूरे किए जा रहे थे।
नौजवान बेटे की मौत पर नजदीकी रिश्तेदार और क्षेत्रवासी मां कुसुम मंडयाल को ढाढ़स बंधा रहे थे। महिला अपने नौजवान बेटे की मौत से बुरी तरह टूट गई थी। इसी बीच 26 जनवरी को महिला कुसुम मंडयाल की भी अचानक मौत हो गई। बेटी अंजना भंगालिया के अनुसार उनके इकलौते भाई और मां के कलेजे के टुकड़े की अचानक मौत हो जाने से मां कुसुम मंडयाल बुरी तरह से टूट चुकी थीं।
परिवार के सदस्य मां को हौसला बंधा रहे थे लेकिन बेटे की मौत का सदमा वह सह नहीं पाई। साइलेंट हार्ट अटैक से उनकी मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया कि पिता 47 साल की आयु में पहले ही चल बसे थे।