मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति परखी
सर्पदंश प्रतिरोधक टीकों के भंडारण के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले में संस्थागत प्रसव की दर 96 प्रतिशत से अधिक और नवजात स्क्रीनिंग 99 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई है। बुधवार को जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक में सीएमओ डॉ. दिनेश ठाकुर ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को सेवाओं की नियमित निगरानी और लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बच्चों के टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के जल्द पंजीकरण, गैर संचारी रोगों की जांच और किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण पर चर्चा हुई। डॉ. ठाकुर ने एचपीवी टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दिया। बारिश के मौसम को देखते हुए पीलिया, सर्पदंश और स्क्रब टायफस की निगरानी, समय पर रिपोर्टिंग और सर्पदंश उपचार के लिए आवश्यक दवाओं के उचित भंडारण के निर्देश भी दिए गए।