नेरचौक मेडिकल कालेज एनाटामी विभाग को देहांत के बाद शव सौंपते परिजन। स्रोत संस्थान
नेरचौक (मंडी)। श्री लाल बहादुर मेडिकल कॉलेज नेरचौक के एनाटॉमी विभाग को पहले से पंजीकृत दाताओं के दो शव मंगलवार को प्राप्त हुए। इन शवों का इस्तेमाल मेडिकल प्रशिक्षुओं के अध्ययन के लिए किया जाएगा।
कुल्लू जिले के सैंज के चिचुनेपा गांव की 58 वर्षीय लछमी देवी का शव उनके बेटे सुरेश चंद और अन्य रिश्तेदारों ने विभाग को सौंपा। लछमी देवी ने 29 दिसंबर 2023 में देहदान के लिए पंजीकरण करवाया था। माता के इस संकल्प को बेटे सुरेश चंद ने शव मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग को सौंपकर पूरा किया।
वहीं, मंडी शहर के एमजी मार्ग निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन 102 वर्षीय अच्छर सिंह का शव भी विभाग को मिला है। उन्होंने 13 मार्च 2024 को देहदान के लिए पंजीकरण करवाया था। उनके इस संकल्प को उनके बेटे महेंद्र पाल सिंह और अन्य रिश्तेदारों ने पूरा किया। विभाग की ओर से डाॅ. प्रदीप कश्यप, डाॅ. पंकज सोनी, डाॅ. पंकज कुमार, डाॅ. अनुकृति सिंह और अन्य अधिकारियों ने शव प्राप्त किए। संवाद