मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के तहत 26 फरवरी को पंचवक्त्र मंदिर परिसर में ब्यास आरती होगी। इसको लेकर नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट ने मंगलवार को पंचवक्त्र मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर की सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीवरेज व्यवस्था की जांच कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ शहर समृद्ध शहर के तहत आयोजन स्थल और आसपास की सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सीवरेज सिस्टम के सुधार, स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंध किए जाने की बात कही गई।
महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा केवल सफाई कर्मियों को दें और नदियों, नालों या खड्डों में कूड़ा न फेंकें। उन्होंने मांडव्य नगर छोटी काशी मंडी को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए निगम के प्रयासों में सहयोग की भी अपील की।
इस अवसर पर पार्षद संजय शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गोविंद, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता नरेश, सफाई पर्यवेक्षक सतीश गुलेरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।