मंडी। 8.8 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार कांगड़ा के युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में मंडी के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कर्ण (24) निवासी थनेहड़ा मोहल्ला, टारना रोड मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर को विक्रांत सिंह (26) निवासी कैरियां, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा को 8.8 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में विक्रांत ने कर्ण के भी चिट्टा लाने और सेवन में संलिप्त होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कर्ण से पूछताछ की और 13 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। वहीं, मुख्य आरोपी विक्रांत का सात दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।