मंडी। जिला मंडी को जल्द ही हैंड हैंडल एक्सरे की पांच नई मशीनें मिलने वाली हैं, जिससे अब दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर के पास ही एक्सरे जांच की सुविधा मिल सकेगी। यह जानकारी जिला क्षय रोग उन्मूलन अधिकारी डॉ. अरिंदम राय ने स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान दी।
शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. दीपाली शर्मा ने की। बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान 1.0 की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया कि अभियान का पहला चरण जिले में सफल रहा है। डॉ. अरिंदम राय ने बताया कि प्रस्तावित हैंड हैंडल एक्सरे मशीनों को जिले के दुर्गम और दूरदराज स्वास्थ्य खंडों में तैनात किया जाएगा, ताकि ग्रामीण स्तर पर ही जांच संभव हो सके।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 फरवरी 2026 के दूसरे सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। सीएमओ ने निर्देश दिए कि किसी भी चिकित्सा अधिकारी या स्वास्थ्य कर्मचारी के अवकाश पर जाने से पहले उनके स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवाद