छह से 10 जुलाई तक पड्डल में होगा फुटबाल टूर्नामेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मंडी छह से 10 जुलाई तक पड्डल मैदान में एंटी चिट्टा अवेयरनेस 7-ए-साइड फुटबाल टूर्नामेंट आयोजित करेगा। प्रतियोगिता प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक आयोजित होगी। इस अभियान का संदेश खेलेगा मंडी, हारेगा चिट्टा, नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो.. रहेगा।
टूर्नामेंट की विजेता टीम को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बेस्ट स्ट्राइकर, बेस्ट गोलकीपर और बेस्ट गोल असिस्ट के लिए एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 1100 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रत्येक टीम में दो अंडर-18, तीन अंडर-25 और दो 35 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों का होना अनिवार्य होगा। यदि 35 वर्ष से अधिक आयु का कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है या मैदान छोड़ देता है, तो उसकी जगह केवल अंडर-18 खिलाड़ी ही खेल सकेगा। प्रतियोगिता में केवल हिमाचल प्रदेश के बोनाफाइड खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे। आयु सत्यापन के लिए खिलाड़ियों को नगर परिषद या ग्राम पंचायत द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। आयोजन समिति के अनुसार रेफरी का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।