मंडी। छोटी काशी मंडी में चल रही एकमात्र मुद्रिका बस सेवा बंद हो गई है। बस में आई तकनीकी खराबी के कारण यह सेवा बंद हुई है। लोग मजबूरन ऑटो का महंगा सफर करने को मजबूर हैं। यह बस सुबह 9:00 बजे से लेकर शाम करीब 6:00 बजे तक शहर में चलती थी।
सरकारी कर्मचारियों और लोगों को काफी सुविधा थी। अब यह सुविधा नहीं मिल पाने से लोगों में रोष है। उधर, गांधी भवन प्रबंधन कमेटी ने बैठक कर नगर निगम क्षेत्र में मुद्रिका बसों को बढ़ाने और बंद सेवा को बहाल करने की मांग की है। यह बैठक महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कृष्ण टंडन की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि नगर निगम का दायरा बढ़ गया है।
खलियार, पुरानी मंडी, भ्यूली, बैहना, तल्याहड़, बीर, बाड़ी गुमाणू आदि क्षेत्रों से शहर में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वरिष्ठ नागरिकों को शहर में आकर अपने कार्य निपटाने के लिए ऑटो का खर्चा वहन करना पड़ता है। ऑटो चालक इन क्षेत्रों से 100 से 200 रुपये प्रति प्रति फेरा वसूल कर रहे हैं। परिवहन निगम की मुद्रिका बस के चलने से जहां वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा मिलती है वहीं, अस्पताल, बस स्टैंड सहित आस पास के क्षेत्रों में आने वाले लोगों को सुविधा मिलती है।
यह बस रोजाना सुबह 9 बजे बस स्टैंड से अस्पताल होते हुए बाड़ी गुमाणु, बिंद्राबणी, बिजणी, छिपणु, तल्याहड़ वाया बाईपास और नागचला-बैहना होकर मंडी चलती रहती है। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों से बस सेवा को शीघ्र शुरू करने की अपील की है।
आरएम मंडी गोपाल चंद शर्मा ने बताया कि मुद्रिका बस में तकनीकी खराबी आ गई है। शीघ्र ही बस की मरम्मत करवाकर सेवा बहाल की जाएगी। संवाद