मंडी/नेरचौक/कोटली। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिलेभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं ने पौधारोपण एवं जागरुकता रैलियां निकाल कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला निर्वाचन विभाग मंडी ने भ्यूली में निर्माणाधीन ईवीएम वेयर हाउस परिसर में पौधरोपण किया। तहसीलदार निर्वाचन विजय शर्मा ने नायब तहसीलदार और विभाग के अन्य कर्मचारियों, स्थानीय जनता के साथ मिलकर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
कोटली में एक जागरुकता रैली निकाली गई। इसकी अगुवाई एसडीएम कोटली रमेश कटोच ने की। पर्यावरण बचाओ के नारे लगाते हुए रैली कोटली बाजार से बस स्टैंड तक गई। स्कूल की प्रधानाचार्य अल्पना शर्मा मौजूद रही। नेरचौक के हॉली एंजल मॉडल स्कूल रत्ती में रविवार को प्रधानाचार्य भावना देवी की अध्यक्षता में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। विद्यार्थियों ने रैली निकाली और पौधरोपण करके लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संवाद
न्यू गुरुकुल ग्लोबल पब्लिक स्कूल रत्ती में प्रधानाचार्य गोविंद राम की अगुवाई में पर्यावरण दिवस मनाया। निबंध लेखन स्पर्धा में मोहित प्रथम, जागृति द्वितीय और रोहित ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्लोगन लेखन में आराध्य प्रथम, तानिया द्वितीय और तनवीर ने तीसरा स्थान पाया। चित्रकला में आराध्य प्रथम, तनीषा द्वितीय और मानव तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रत्ती अस्पताल से ढांगू कॉलोनी तक जागरुकता रैली निकाली।
...
पौधों की वजह से ही ले रहे सांस : हाजरी
धर्मपुर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिधपुर, डॉ. विजय मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धर्मपुर, डीपीएस धर्मपुर में पर्यावरण संरक्षण पर कई कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों ने जागरुकता रैलियां निकाल कर जहां पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता का संदेश दिया वहीं लोगों से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की अपील की। सिधपुर स्कूल के प्रधानाचार्य लेखराज हाजरी ने कहा कि पौधों की वजह से ही हम सांस ले रहे हैं। इसलिए अत्यधिक पौधे लगाने होंगे ताकि आने वाली पीढ़ी को बचाया जा सके।
...
करसोग में निकली जागरुकता रैली
करसोग (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालग में पर्यावरण दिवस पर विद्यार्थियों ने परिसर की सफाई की। एक जागरुकता रैली निकाली जिसमें पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने की अपील की। इस दौरान पौधरोपण भी किया गया। ईको क्लब प्रभारी सुरेश महाजन ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी।
000