मंडी जिला के लडभड़ोल स्थित बनांदर में बना कॉलेज भवन।
- फोटो : Mandi
लडभड़ोल (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लडभड़ोल में चल रहे राजकीय महाविद्यालय को 12 सितंबर को अपना भवन मिल जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जोगिंद्रनगर प्रवास के दौरान बनांदर में बने कॉलेज भवन का उद्घाटन करेंगे।
यह भवन छह करोड़ की लागत से बनाया गया है। वर्तमान में कॉलेज अस्थायी तौर पर लडभड़ोल स्कूल में चल रहा है। कॉलेज में लगभग 180 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बनांदर में निर्मित कॉलेज भवन के पहले चरण में जहां विद्यार्थियों को छह क्लास रूम की सुविधा मिलेगी, वहीं दो लेक्चर थियेटर भी निर्मित किए गए हैं।
इसके अलावा प्रधानाचार्य कक्ष, कार्यालय कक्ष तथा स्टाफ रूम की सुविधा मिलेगी। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन रूम की सुविधा रहेगी।
भवन में विद्यार्थियों के लिए दो कंप्यूटर लैब, भूगोल लैब सहित एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट्स कक्ष के अतिरिक्त आईसीटी कक्ष की सुविधा भी रहेगी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर ने बताया कि कॉलेज भवन का कार्य पूरा हो चुका है। भवन को कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कॉलेज भवन का उद्घाटन करेंगे।
कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मनीष ठाकुर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने कॉलेज प्रशासन को भवन सौंप दिया है। बिजली-पानी के कनेक्शन के लिए अप्लाई किया है। शीघ्र ही बनांदर कॉलेज भवन में कक्षाओं को स्थानांतरित कर दिया जाएगा। संवाद