थुनाग (मंडी)। सराज युवा एवं सांस्कृतिक उत्सव के दौरान बागाचनोगी में चल रहे कबड्डी मैच में दोनों टीमों में विवाद हो गया। भारी हंगामे के बीच मैच रद्द करना पड़ा। वीरवार को यह मैच सराज शक्ति युवक मंडल और बाला टीका युवक मंडल चौहट के बीच चल रहा था।
दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ अनुशासन तोड़ने का आरोप लगाकर आमने सामने हो गईं। कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। बाद में स्थानीय लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। स्थानीय कमेटी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगे।
वीरवार को बागाचनोगी जोन में कबड्डी का मैच हो रहा था। इनमें से एक टीम का आरोप है कि दूसरी टीम के खिलाड़ी खेल नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। रेडर को आउट होने के बावजूद और पीछे खींचा। इसका विरोध किया तो दूसरे दल के कुछ लोगों ने खेल में हंगामा करने का प्रयास किया।
दूसरी टीम का कहना है कि हार को देख इस तरह के बहाने बनाए जा रहे हैं। उनकी टीम ने किसी तरह का अनुशासन नहीं तोड़ा है। बागाचनोगी जोन के अध्यक्ष अनिल चामका ने बताया कि खेल के दौरान हंगामा हुआ है। इसलिए मैच रोकना पड़ा। उधर, एसडीएम पारस अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन में प्रशासन की कोई भूमिका नहीं है। संवाद