बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी-सुधराणी से जोड़ने वाला एकमात्र आलिगाड़ पुल (लोहे का) शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे ढह गया। इससे आठ पंचायतों का संपर्क टूट गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब बजरी से लदा मालवाहक वाहन पुल से गुजर रहा था।
जैसे ही वाहन पुल के बीच में पहुंचा तो अचानक पुल टूट गया और वाहन नाले में जा गिरा। सूचना मिलते ही धबेहड़ के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की जानकारी प्रशासन और पुलिस को दी। आनन-फानन में अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने चालक को वाहन से निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बालीचौकी पहुंचाया।
यहां उपचार के बाद उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घायल की पहचान बलदेव (48) पुत्र हरि सिंह निवासी शिवाबदार, पंडोह के रूप में हुई है। घटना के बाद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जर्जर पुल से वाहन गुजारे जा रहे थे। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
...
यात्रियों की जान से खिलवाड़, नहीं लगे थे चेतावनी बोर्ड
60 के दशक में पुल का निर्माण हुआ था। यह जर्जर हालत में था। फिर भी किसी तरह के चेतावनी बोर्ड नहीं लगे थे। पुल से बसें और मालवाहक वाहन गुजारे जा रहे थे। ग्रामीणों सुरेश कुमार, दिनेश कुमार, योगराज ने बताया कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से हादसा हुआ है।
...
कई वाहन फंसे
पुल टूटने से आठ पंचायतों का संपर्क कट गया है। इसमें सुधराणी, खूहन, खलिहान, थाट्टा, बूंगजहलगाड, घाट, जुफरकोट सहित जंजैहली उपमंडल की शिवाथाना, चेत पंचायत शामिल है। कई वाहन और बसें भी पुल के पार फंस गई हैं। नौजवान सभा के जिला अध्यक्ष महेंद्र राणा ने बताया कि यह पुल 1967-68 में बनाया गया है।
...
निकाला जा रहा वैकल्पिक मार्ग : पीडब्ल्यूडी
लोक निर्माण विभाग बालीचौकी के सहायक अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि छोटे वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निकाला जा रहा है। जिसका काम शुरू कर दिया है।
...
मामले की जांच होगी
डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। एसडीएम बालीचौकी से इसकी रिपोर्ट मांगी जाएगी। कोताही पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
000